एससीईआरटी गुरुग्राम में 69 शिक्षक सीख रहे जर्मन भाषा, स्कूलों में बच्चों को देंगे प्रशिक्षण
गुरुग्राम। हरियाणा के सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए अब विदेशी भाषा सीखने और भविष्य के नए अवसरों तक पहुंच बनाने का रास्ता तैयार किया जा रहा है। इसी दिशा में हरियाणा के विभिन्न सरकारी स्कूलों के 69 अध्यापकों को जर्मन भाषा की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।
एससीईआरटी गुरुग्राम में सोमवार से जर्मन भाषा का चार दिवसीय ऑफलाइन प्रशिक्षण शुरू हुआ है, जो 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगा। इससे पहले शिक्षकों को करीब दो महीने तक ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब आमने-सामने की कक्षाओं में शिक्षकों को जर्मन भाषा के साथ-साथ उसे विद्यार्थियों को रोचक और प्रभावी तरीके से पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पहले दिन ग्रुप बनाकर सिखाई जर्मन भाषा
प्रशिक्षण के पहले दिन शिक्षकों के अलग-अलग ग्रुप बनाए गए और गतिविधियों के माध्यम से जर्मन भाषा को बेहद रोचक अंदाज में सिखाया गया। इसका उद्देश्य सिर्फ भाषा का ज्ञान देना नहीं, बल्कि शिक्षकों को ऐसा प्रशिक्षण देना है, जिसे वे आगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों तक आसानी से पहुंचा सकें।
स्कूलों से शुरू होगी विदेशों तक पहुंच
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये 69 शिक्षक अपने-अपने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को जर्मन भाषा सिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे सरकारी स्कूलों के बच्चों को स्कूल स्तर पर ही एक विदेशी भाषा सीखने का अवसर मिलेगा।
डॉ. अजय लोहान ने कहा कि जर्मन भाषा विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के संभावित अवसरों से जुड़ने का एक माध्यम बन सकती है। खास बात यह है कि ऐसे अवसरों तक सरकारी स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की पहुंच भी बढ़ेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में एससीईआरटी प्रभारी संतोष बांगड़, सुखदा मैम, जर्मन भाषा की ओर से मोहिता, कुसुम मैम और आरती मैम की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मकसद साफ है—सरकारी स्कूल के बच्चों को भी विदेशी भाषा का ज्ञान मिले, उनका आत्मविश्वास बढ़े और उनके सपनों की उड़ान स्कूल से निकलकर देश-दुनिया तक पहुंचे।
सरकारी स्कूलों से विदेशों तक खुलेगा भविष्य का रास्ता
0 Comments