शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की सभी ड्रेनों व नालियों की जल्द करवाएं सफाई : डॉ. आनंद कुमार शर्मा
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि बरसाती सीजन शुरू होने से पहले जिला में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की ड्रेनों व नालियों की समय रहते सफाई करवाएं ताकि आबादी देह व खेतों में जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेषतौर से सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ बचाव से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी करें। इनमें जिला के इंद्री क्षेत्र से लेकर घरौंडा क्षेत्र तक यमुना के किनारों को सुदृढ़ किया जाए और जहां स्टड की आवश्यकता है उस कार्य को आगामी 30 जून से पहले-पहले पूरा करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में बाढ़ बचाव प्रबंधनों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने समीक्षा के दौरान बाढ़ प्रबंधन, एसटीपी की स्थिति, ड्रेनों की सफाई की स्थिति, कंट्रोल रूम स्थापित करने, संभावित जल भराव क्षेत्र, असुरक्षित क्षेत्र तथा विभागों की कार्य योजना पर विस्तार से जानकारी ली और कहा कि जल भराव की समस्या से निपटने और बाढ़ से बचाव को लेकर किए जाने वाले प्रबंधों की प्रक्रिया को तेज किया जाए। उन्होंने एसडीएम, डीडीपीओ व डीआरओ को निर्देश दिए कि वे पिछले वर्ष के दौरान जलभराव की स्थिति की रिपोर्ट संबंधित ग्राम सचिव व पटवारियों के माध्यम से लेकर उपायुक्त कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें और अपने-अपने क्षेत्र में सिंचाई विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व नगर पालिका के द्वारा ड्रेन व नालियों के सफाई कार्य का औचक निरीक्षण करते रहें।
बाढ़ बचाव से संबंधित तैयारियों को लेकर करनाल उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मीटिंग की
0 Comments