news-details
बड़ी खबर

डी.एल.एड. परीक्षा मार्च-2025 का परीक्षा परिणाम हुआ घोषित

Raman Deep Kharyana :-

भिवानी, 20 मई, 2025 हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई गई डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2020-2022, 2021-2023 के छात्र-अध्यापकों की मर्सी चांस एवं प्रवेश वर्ष 2022-2024 प्रथम व द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) व प्रवेश वर्ष 2023-2025 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) परीक्षाएं मार्च-2025 का परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। सम्बन्धित छात्र-अध्यापक अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर देख सकते हैं।


इस आशय की जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) पवन कुमार, उपाध्यक्ष श्री सतीश कुमार एवं सचिव डॉ० मुनीश नागपाल, ह.प्र.से. ने आज यहाँ आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डी.एल.एड. परीक्षाएं मार्च 2025 की परीक्षा में प्रदेशभर में कुल 6252 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए। उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2020-2022 प्रथम वर्ष (मर्सी चांस) की पास प्रतिशतता 42.86 एवं द्वितीय वर्ष (मर्सी चांस) की पास प्रतिशतता 62.07 रही है। इसी प्रकार डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2021-2023 प्रथम वर्ष (मर्सी चांस) की पास प्रतिशतता 66.67 एवं द्वितीय वर्ष (मर्सी चांस) की पास प्रतिशतता 80.75 रही है।


उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2022-2024 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) में 1200 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 531 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 44.25 रही है। डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2022-2024 द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) में 3217 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 2200 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 68.39 रही है। उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2023-2025 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) में 1487 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 1004 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 67.52 रही है।


उन्होंने आगे बताया कि इन परीक्षा परिणामों के आधार पर जो छात्र-अध्यापक अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की पुनः जाँच अथवा पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक निर्धारित शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थावार Performance sheets शिक्षण संस्थाओं की लॉगिन आईडी पर भेजी जाएगी तथा परीक्षा में रि-अपीयर रहे छात्र-अध्यापकों के आगामी परीक्षा हेतु आवेदन पत्र भी सम्बन्धित संस्था की लॉगिन आईडी के माध्यम से ही ऑनलाइन भरे जाएगें।


उन्होंने बताया कि प्रवेश वर्ष 2022-24 व 2023-25 डी.एल.एड. परीक्षा मार्च-2025 में रि-अपीयर/फेल रहें छात्र अध्यापकों/अध्यापिकाओं एवं प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष नियमित छात्र-अध्यापकों/अध्यापिकाओं की परीक्षा सितम्बर-2025 हेतु सभी सम्बन्धित शिक्षण संस्थान बिना विलम्ब शुल्क 28 मई से 12 जून तक, 100/- रूपये विलम्ब शुल्क सहित 13 जून से 19 जून, 300/- रूपये विलम्ब शुल्क सहित 20 जून से 26 जून तथा 1000/- रूपये विलम्ब शुल्क सहित 27 जून से 10 जुलाई, 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


उन्होंने आगे बताया कि रि-अपीयर परीक्षा के लिए शुल्क 800/- रूपये प्रति विषय है, एक से अधिक विषयों में रि-अपीयर/फेल है तो परीक्षा शुल्क प्रति विषय 200/- रूपये अतिरिक्त देय होगा एवं अधिकतम परीक्षा शुल्क 2000/- रूपये प्रति छात्र-अध्यापक होगा। बोर्ड नियमानुसार डी०एल०एड० प्रवेश वर्ष 2024-26 नियमित छात्र अध्यापकों के लिए परीक्षा शुल्क 4250/-रूपये प्रति छात्र दोनों वर्षों के लिए एक मुश्त निर्धारित किया गया है।

डी.एल.एड. परीक्षा मार्च-2025 का परीक्षा परिणाम हुआ घोषित

You can share this post!

author

Kharyana

By Admin

For advertisment kindly write us marketing@kharyana.com
Or call us +91-9992-788-081, +91-8053-307-000

0 Comments

Leave Comments