हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की गुरुग्राम सेंट्रल यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बावरिया गैंग के एक खूंखार डकैत को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धारा सिंह के रूप में हुई है।
उस पर दोनों राज्यों को मिलाकर कुल एक लाख पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। लंबे समय से फरार चल रहे इस शातिर अपराधी को एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी धारा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर वांगर गांव का निवासी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। पिछले कुछ समय से वह अपनी पहचान छिपाकर हरियाणा के भिवानी जिले के जुई गांव में रह रहा था।
इस गिरोह के दो अन्य डकैत पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। अपने साथियों के मारे जाने के बाद से ही धारा अकेले ही पुलिस को चमका देकर फरार चल रहा था।
एसटीएफ ने यूपी और हरियाणा में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बावरिया गैंग के एक खूंखार डकैत को गिरफ्तार किया
0 Comments