राष्ट्रीय पर्व पर माहौल बिगाड़ने या उपद्रव करने की चेष्टा भी की तो खैर नहीं होगी कड़ी कार्रवाई-नीतीश अग्रवाल, एसपी पलवल।
पलवल: राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह 15 अगस्त को पूरी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह से पूर्व बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई तथा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। उल्लेखनीय है कि पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी मामलों के राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर ध्वजारोहण करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ-साथ सब डिविजनल स्तर पर होडल एवं हथीन में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े और व्यापक प्रबंध किए हैं। जिले में कानून व्यवस्था तथा शांति बनाए रखने के उद्देश्य से 3 अंतरराज्यीय नाकों सहित कुल 15 नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों का मुख्य उद्देश्य समारोह स्थल की ओर आने वाले भारी वाहनों और अनाधिकृत भीड़ को रोकना है। नाकों पर तैनात जवानों को दंगा निरोधक उपकरणों से लैस किया गया है। समारोह स्थल पर सुरक्षा के दृष्टिगत वाटर कैनन, वज्र वाहन, दंगा निरोधक टीम और अश्रु गैस दस्ता तैनात रहेगा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में चारों तरफ पुलिस बल तैनात किया गया है। आमजन के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर्स लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी उप पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
होटल, ढाबे, धर्मशाला और पीजी पर विशेष निगरानी: जिले में स्थित सभी होटल, धर्मशाला, पीजी और ढाबों की निरंतर चेकिंग की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड संबंधित पुलिस थानों में दर्ज कराया जा रहा है। विशेष पुलिस टीमें इन स्थलों पर दिन-रात चेकिंग अभियान चला रही हैं।
सोशल मीडिया और खुफिया तंत्र अलर्ट: पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक: सुरक्षा व्यवस्था के तहत 14 अगस्त दोपहर 03:00 बजे से 15 अगस्त दोपहर 02:00 बजे तक जिला नूंह और कोसी/मथुरा की तरफ से पलवल की ओर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस अधीक्षक की अपील: पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस का पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में मनाएं। यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय पर्व पर माहौल बिगाड़ने या उपद्रव करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस पर पलवल पुलिस की रहेगी उपद्रवियों और चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर, सुरक्षा के किए गए कड़े प्रबंध: नीतीश अग्रवाल, एसपी पलवल।
0 Comments